(राकेश कुमार)
जालौन। होलिका दहन की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव की खुशियों को मातम में बदल दिया। गोहन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नावर में सोमवार रात लगभग 8:30 बजे एक महिला की कुएं में गिरने से मृत्यु हो गई।
------------------------------
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम नावर निवासी नीतू पत्नी रविकांत चतुर्वेदी घर के पास स्थित कुएं में अचानक गिर गईं। उस समय गांव में होलिका दहन की तैयारियां चल रही थीं और चारों ओर उत्सव का माहौल था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर माधौगढ़ तहसील के क्षेत्राधिकारी अंबुज यादव, गोहन थाना पुलिस एवं ईंटों चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से नीतू को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि नीतू मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। प्रथम दृष्टया मामला आकस्मिक दुर्घटना प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उरई भेज दिया गया है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और होलिका दहन का कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ। मृतका अपने पीछे तीन बेटियां—खुशी, मुस्कान और नंदिनी—को छोड़ गई हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में गहरा शोक व्याप्त है।
Post a Comment