ड्यूटी पर रील बनाना महंगा पड़ा स्टाफ नर्सो को, ड्यूटी में लापरवाही पर प्रशासन सख्त



 
---सोशल मीडिया पर रील बनाने के मामले में नोटिस जारी, जवाब तलब
 जालौन।जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने उरई जिला अस्पताल में ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया पर रील बनाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उरई जिला अस्पताल में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) एजेंसी के माध्यम से संचालित सीटी स्कैन यूनिट तथा बीएचएस के अंतर्गत एनसीडी शाखा में कार्यरत स्टाफ नर्स—आकांक्षा, नेहा सिंह एवं भारतीय द्वारा ड्यूटी समय में रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार से जांच कराई।
जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबंधित कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से शिथिल पर्यवेक्षण के संबंध में भी स्पष्टीकरण तलब किया गया है।जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों की सेवा सर्वोपरि है और ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा गैर-व्यावसायिक आचरण स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने निर्देशित किया कि स्पष्टीकरण प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर, सुरक्षित एवं अनुशासित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी कार्मिकों को सेवा नियमों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post