उरई(जालौन)। आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस महकमे ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने शुक्रवार देर शाम नगर उरई का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी नगर और कोतवाली उरई पुलिस बल के साथ नगर के प्रमुख मार्गों पर पैदल गस्त की। इस दौरान उन्होंने सबसे अधिक संवेदनशील सर्राफा बाजार का निरीक्षण किया और सार्वजनिक तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए त्योहारों के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सुनिश्चित करें कि बाजारों में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। इस दौरान एएसपी प्रदीप कुमार वर्मा ने संबंधित थाना प्रभारियों को भीड़ नियंत्रण, चोरी और लूट की घटनाओं पर रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों पर पिकेट, पुलिस बल की तैनाती और गश्त की समीक्षा की। वरिष्ठ अधिकारियों ने अधीनस्थों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के मद्देनजर किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस टीम ने बाजारों में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम जनमानस को सुरक्षा का एहसास कराने के लिए लगातार भ्रमणशील रहने की रणनीति पर जोर दिया।
फोटो परिचय-उरई में पैदल मार्च करते एसपी
Post a Comment