मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेलों में 122 मरीजों का उपचार, स्वास्थ्य संबंधी दी गईं सलाह


कालपी(जालौन)। शासन की महत्वाकांक्षी योजना के तहत रविवार को कालपी और महेवा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले आयोजित किए गए। इन मेलों में चिकित्सकीय टीमों ने कुल 122 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार प्रदान किया तथा बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।   

जिला प्रशासन के निर्देश पर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उदनपुरा कालपी में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित मेले में चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित पोरवाल की देखरेख में 82 मरीजों का इलाज किया गया। इनमें 47 पुरुष और 35 महिला मरीज शामिल रहीं। इस दौरान 6 मरीजों की शुगर जांच की गई, जबकि बुखार और त्वचा संबंधी बीमारियों के 8-8 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी गईं। इस अवसर पर महिला चिकित्सक डॉ. रंजना सिंह ने परिवार कल्याण कार्यक्रमों तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर लोगों को जागरूक किया। इसी प्रकार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा में चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेख शहरयार की देखरेख में आयोजित जनआरोग्य मेले में 40 मरीजों का परीक्षण कर उपचार किया गया। इस दौरान कर्मचारियों मनीष कुमार और कमलेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। मेले में परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत कंडोम, गोलियां व अन्य आवश्यक सामग्री वितरित कर लोगों को जागरूक भी किया गया। डॉ. अमित पोरवाल ने कहा कि मौसम में बदलाव के समय विभिन्न प्रकार की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए और किसी भी प्रकार की बीमारी होने पर चिकित्सक की सलाह से ही दवाइयों का सेवन करना चाहिए।
फोटो परिचय--मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले में मरीजों का परीक्षण करते डाक्टर

Post a Comment

Previous Post Next Post