बुंदेलखंड की बेटियों की पढ़ाई के लिए सदन में गूंजी आवाज, विधान परिषद सदस्यों ने उठाया मामला


लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान परिषद में बुंदेलखंड क्षेत्र के दो अति पिछड़े जनपदों झाँसी और जालौन में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की मांग जोर-शोर से उठाई गई है। सदस्यों ने इन जिलों में नवीन जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय खोले जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी और डॉ. बाबूलाल तिवारी ने संयुक्त रूप से नियम 110 के अंतर्गत सदन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि झाँसी और जालौन में शैक्षिक संसाधनों की अत्यधिक कमी है। इसके चलते बड़ी संख्या में बालिकाएं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित रह जाती हैं।
सदस्यों ने अपनी सूचना में कहा कि प्रस्तावित विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र की बालिकाओं को न केवल एक सुरक्षित और संसाधनयुक्त वातावरण मिलेगा, बल्कि यह उनके सर्वांगीण विकास और सामाजिक सशक्तिकरण में भी मील का पत्थर साबित होगा। विशेष रूप से आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों की बेटियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
दोनों सदस्यों ने इस मामले को लोक महत्व का अविलम्बनीय विषय बताते हुए सरकार से आवश्यक कार्यवाही की मांग की है। उन्होंने माँग की कि इस विषय पर सदन में वक्तव्य दिया जाए और विस्तृत चर्चा कराई जाए, ताकि बुंदेलखंड की बेटियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post