मीना मंच बाल उत्सव में बच्चों की प्रतिभा निखरी


- स्वलिखित कहानियाँ, कॉमिक बुक व पोस्टर प्रतियोगिता में दिखा उत्साह
उरई,(जालौन)। मीना मंच के तहत “प्रगति- स्वाभिमान और सफलता की ओर 2.0” बाल उत्सव का आयोजन साई पैलेस उरई में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने किया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों पर आधारित स्वलिखित कहानियाँ प्रस्तुत कीं और स्वयं तैयार कॉमिक बुक प्रदर्शित कर रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया। पोस्टर प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और रचनात्मकता का विकास करना रहा।
जिले के विभिन्न ब्लॉकों से पाँच-पाँच मॉडल मीना मंच और आठ कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भागीदारी की। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्राची श्रीवास्तव, सृष्टि चंद्रा, प्राची शर्मा, सौम्या और नित्या का चयन मंडल स्तर के लिए किया गया। “मेरे बदलाव की कहानी” श्रेणी में पार्वती, कौशल राजपूत, सनी, गुंजन और अंश चयनित हुए। मुख्य अतिथि ने जिला नोडल डॉ. ममता स्वर्णकार, मास्टर ट्रेनर डॉ. कल्पना श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार शुक्ला, मनीष कुमार ओझा, निधि सिंहा और विपिन उपाध्याय को प्रशस्ति-पत्र व स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया।

 प्रतिभागी बच्चों, नोडल शिक्षकों और सुगमकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम खंड शिक्षा अधिकारी डकोर प्रीति राजपूत, डीसी बालिका नैना सेंगर और डीसी अजातशत्रु राजपूत के निर्देशन में हुआ। बच्चों ने जेंडर स्टीरियोटाइप, मीडिया की छवि और हानिकारक बॉडी टॉक जैसे विषयों पर भी प्रभावी प्रस्तुति दी। इस मौके पर डीसी निपुण प्रवीण कुमार, डीसी सामुदायिक अमित कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post