राजीव कुमार शर्मा ने संभाला सीओ सिटी उरई का पदभार


उरई(जालौन)। जनपद जालौन के उरई नगर क्षेत्र में पुलिस प्रशासन को नया नेतृत्व मिल गया है। क्षेत्राधिकारी नगर उरई के पद पर राजीव कुमार शर्मा ने विधिवत रूप से अपना पदभार संभाल लिया है। पूर्व क्षेत्राधिकारी अर्चना सिंह के सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद रिक्त हो गया था जिसे अब राजीव कुमार शर्मा ने संभालकर नगर की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली है। उनके पदभार ग्रहण करते ही पुलिस विभाग और आमजन के बीच एक नई उम्मीद जगी है।

 राजीव कुमार शर्मा का पुलिस सेवा में लंबा और अनुभवी कार्यकाल रहा है। उन्होंने वर्ष 1997-98 में सब इंस्पेक्टर के रूप में पुलिस सेवा की शुरुआत की थी। कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के बल पर उन्होंने लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्ष 2014 में उन्हें इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नति मिली। इसके बाद 2024-25 में पुलिस उपाधीक्षक बने उन्होंने जनपद बिजनौर में क्षेत्राधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दीं जहां उनके कार्यों की सराहना की गई। इसके उपरांत उनका स्थानांतरण जनपद जालौन हुआ जहां उन्होंने पहले क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन के रूप में पदभार ग्रहण किया। चार दिन पूर्व क्षेत्राधिकारी नगर उरई की सीट रिक्त होने के बाद राजीव कुमार शर्मा ने कार्यवाहक रूप में नगर का चार्ज संभाला था। अब पूर्णरूप से पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। पदभार संभालते ही उन्होंने अपराध और अपराधियों के प्रति सख्त रुख अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शहर में किसी भी प्रकार की गलत गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चाहे जुआ हो सट्टा हो या अन्य किसी भी तरह की अवैध गतिविधि सभी पर पूरी सख्ती के साथ अंकुश लगाया जाएगा। क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार शर्मा ने पदभार ग्रहण के बाद नगर क्षेत्र के सभी चौकी प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में रहकर निरंतर निगरानी रखें और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखें। अपराधियों को कानून की भाषा में समझाया जाए कि अपराध करने का अंजाम क्या होता है ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं बल्कि आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाना है। फरियादियों की समस्याओं का जल्द से जल्द और निष्पक्ष निस्तारण किया जाएगा। थानों और चौकियों पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात को गंभीरता से सुना जाएगा और उन्हें न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार शर्मा के नेतृत्व में उरई नगर में अपराध नियंत्रण कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को लेकर एक नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उनके स्पष्ट और सख्त संदेश से यह साफ हो गया है कि अब नगर में कानून से ऊपर कोई नहीं होगा और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी।
फोटो परिचय- क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार शर्मा

Post a Comment

Previous Post Next Post