रमजान के दूसरे जुमे पर अकीदत का समंदर, अमन-चैन की मांगी गई दुआएं


कालपी(जालौन)।रमजान-उल-मुबारक के दूसरे जुमे पर शुक्रवार को कालपी नगर की मस्जिदों में अकीदतमंदों का सैलाब उमड़ पड़ा। रोजेदारों और नमाजियों ने पूरी खशूओ-खुज़ू के साथ जुमे की नमाज अदा कर मुल्क की तरक्की, आपसी भाईचारे और अमन-ओ-अमान की दुआएं मांगीं।

 सुबह से ही नगर की प्रमुख मस्जिदों में नमाजियों का पहुंचना शुरू हो गया था। निर्धारित समय से पहले ही मस्जिदें भर गईं और कई स्थानों पर लोगों ने बाहर पंक्तिबद्ध होकर नमाज अदा की। सुरक्षा के मद्देनज़र मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा तथा प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहे।
दरगाह खानकाह मुहम्मदिया मस्जिद में मौलाना अशफाक अहमद बरकाती ने नमाज की इमामत कराई। उन्होंने अपने बयान में रमजान की फजीलत बयान करते हुए रोजा, नमाज, जकात और हज की अहमियत पर प्रकाश डाला तथा लोगों से नेकी और इंसानियत के रास्ते पर चलने का आह्वान किया।
बड़ा बाजार स्थित शाही जामा मस्जिद में मौलाना नजमुल हुदा की इमामत में दोपहर करीब एक बजे हजारों नमाजियों ने जुमे की नमाज अदा की। वहीं बड़ी मस्जिद में पेश इमाम कलाम अंसारी, मुड़िया गुम्बद मस्जिद और मखदूमिया मस्जिद में मौलाना जियाउद्दीन की इमामत में नमाज संपन्न हुई। तहसील मस्जिद, खजूर वाली मस्जिद, शुभान मस्जिद हरीगंज सहित गुलौली गांव की मस्जिदों में भी बड़ी संख्या में अकीदतमंद जुटे। जुमे को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। मस्जिदों के आसपास सतर्क निगरानी रखी गई और बड़ी मस्जिद पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। नमाज के उपरांत अधिकारियों ने नमाजियों से संवाद कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
फोटो परिचय- मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करते नमाजी

Post a Comment

Previous Post Next Post