भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं को दी गई सुरक्षा संबंधी जानकारी


कालपी(जालौन)। रमजान और होली पर्व को देखते हुए नगर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। कोतवाली पुलिस की टीम ने प्रमुख बाजारों और व्यस्त चौराहों पर वाहनों की जांच के साथ-साथ नागरिकों को सुरक्षा संबंधी जागरूकता संदेश भी दिए।

  कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी के निर्देशन में वरिष्ठ उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह, टरननगंज चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र तथा महिला पुलिसकर्मियों की टीम ने मुन्ना फुल पावर बाईपास चौराहा समेत अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई तथा लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।

अभियान के दौरान महिला सिपाहियों ने बाजार में मौजूद महिलाओं और छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्हें महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1067 के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और यह चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
फोटो परिचय- भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में चेकिंग करती पुलिस टीम

Post a Comment

Previous Post Next Post