उरई(जालौन)।भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मुख्यालय स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस प्रथम एवं द्वितीय का प्रस्तावित मासिक स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण तथा ईवीएम लॉग-बुक का गहन अवलोकन कर आवश्यक टिप्पणियां अंकित कीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा एवं पारदर्शिता में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कक्ष में स्थापित सीसीटीवी मॉनीटरिंग सिस्टम का भी अवलोकन किया। उन्होंने वेयरहाउस की 24x7 निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पूर्णतः चाक-चौबंद रहनी चाहिए।
इसके साथ ही विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत प्राप्त हो रही शिकायतों की समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन कार्यालय में स्थापित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टेक्ट सेंटर कक्ष एवं एसआईआर हेतु बनाए गए हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने कॉन्टेक्ट सेंटर के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की प्रगति जानी तथा संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित निस्तारण कर आवेदकों को अवगत कराना सुनिश्चित करें।निरीक्षण के दौरान तलहा मजहर, ईवीएम सहायक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Post a Comment