कालपी (जालौन)। नगर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में गुरुवार को कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं का आशीर्वाद समारोह हर्षाेल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए शुभकामनाएं एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद यादव रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ऊषा शुक्ला उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।वही छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित जनों ने सराहा।पालिकाध्यक्ष अरविंद यादव ने कहा कि बोर्ड परीक्षा जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन इसे तनाव नहीं बल्कि आत्मविश्वास के साथ अवसर के रूप में लेना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि परिश्रम और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के प्रबंधक हरिभूषण सिंह चौहान ने भी छात्र-छात्राओं को परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। शिक्षक श्याम बाबू अवस्थी एवं हुकुम सिंह ने बोर्ड परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देते हुए विद्यार्थियों को सावधानीपूर्वक उत्तर लिखने और समय का सही उपयोग करने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका सोनाली सिंह ने किया।अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
फोटो परिचय- छात्राओं को पुरस्कृत करते पालिका अध्यक्ष अरविंद यादव
Post a Comment