उरई विकास प्राधिकरण का बड़ा एक्शन, झांसी रोड पर तीन अवैध प्लाटिंग सील,


उरई(जालौन)। । जिलाधिकारी/उपाध्यक्ष राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर उरई विकास प्राधिकरण ने बुधवार को अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ बड़ा ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। सचिव परमानंद यादव के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने झांसी रोड और रामराजा पैलेस के सामने बिना ले-आउट प्लान स्वीकृत कराए अवैध रूप से की जा रही तीन प्लाटिंग स्थलों पर कार्रवाई की।

प्राधिकरण के अनुसार, जलील मंसूरी एवं अन्य द्वारा लगभग 2900 वर्गमीटर में की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। वहीं झांसी रोड से सटे क्षेत्र में प्रेम नारायण गुप्ता एवं अन्य द्वारा 12510 वर्गमीटर में बिना स्वीकृति के प्लाटिंग की गई थी, जिसे मौके पर ध्वस्त कराया गया। इसके अलावा रामकुमार राजपूत, अब्दुल जलाल, जुल्फिकार अहमद, मनोज कुमार, कृष्ण मुरारी एवं अन्य के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20500 वर्गमीटर में हो रही अवैध प्लाटिंग को भी ध्वस्त किया गया। नए पटेल नगर में पूनम खरे द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण को सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया।प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा-14 के तहत बिना मानचित्र स्वीकृति प्लाटिंग या निर्माण वर्जित है। उल्लंघन पर नोटिस, सील, अभियोजन, जुर्माना और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
  प्राधिकरण ने संपत्ति डीलरों से मानचित्र स्वीकृति के बाद ही प्लाटिंग करने की अपील की है। साथ ही भूखंड क्रेताओं से भी अवैध प्लाटिंग में खरीदारी न करने की हिदायत दी गई है। कार्रवाई के दौरान सचिव, मुख्यलेखाधिकारी, जोनल अधिकारी, कोतवाली पुलिस और महिला पुलिस बल सहित प्रवर्तन टीम मौजूद रही।
फोटो परिचय- अवैध प्लाटिंग पर चलता बुलडोजर

Post a Comment

Previous Post Next Post