--एआरटीओ-खनिज-पुलिस की संयुक्त टीम ने दबोचा
जालौन, 11 फरवरी 2026। अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र के निर्देशन व पुलिस अधीक्षक जालौन के कुशल नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को एआरटीओ, खनि विभाग और कोतवाली उरई पुलिस की संयुक्त टीम ने दो लोकेशन माफियाओं को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम राजेश कुमार एवं खान निरीक्षक कुलदीप कुमार के नेतृत्व में कोतवाली उरई पुलिस के साथ अवैध उपखनिज लदे ओवरलोड वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान टीम को कई कारों और मोटरसाइकिलों द्वारा पीछा करते हुए संदिग्ध गतिविधि देखने को मिली।
प्रवर्तन टीम के आगे-पीछे चल रही बलेनो कार (यूपी21बीई3133) के कब्जे से लोकेशन देने और अवैध परिवहन में लगे वाहनों को पास कराने हेतु फोन व व्हाट्सएप पर सूचना आदान-प्रदान करते पाए जाने पर टीम ने कार को रोकना चाहा। आरोपियों ने टीम के साथ अभद्रता करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों को मौके से हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान दीपक पुत्र धमेंद्र विश्वकर्मा निवासी रिनियां व विवेक यादव पुत्र नरेश सिंह निवासी रगौली, थाना कोतवाली उरई के रूप में बताई। दोनों ने स्वीकारा कि ओवरलोड व अन्य कारणों से वाहन पकड़े जाने पर भारी जुर्माने का डर रहता है, जिससे बचने के लिए वे लोग सड़क किनारे सतर्क दृष्टि बनाकर प्रवर्तन टीम की लोकेशन व्हाट्सएप ग्रुप व फोन के जरिये ट्रक संचालकों को उपलब्ध कराते हैं।
टीम ने बताया कि ये आरोपी संगठित गिरोह बनाकर उपखनिजों के अवैध खनन, ओवरलोड परिवहन और राजस्व चोरी में संलिप्त पाए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। कोतवाली उरई में आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। वहीं बरामद बलेनो कार को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी आसपास के जनपदों व थानों से जुटा रही है।
Post a Comment