हाथ कागज उद्योग को जीआई टैग दिलाने की पहल, उद्यमियों में उत्साह


कालपी(जालौन)। औद्योगिक क्षेत्र कालपी में शनिवार को हाथ से बने कागज उद्योग से जुड़े उद्यमियों की एक विशेष गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें जीआई टैग (भौगोलिक संकेतक) पंजीयन की प्रक्रिया को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कानपुर की टेक्सटाइल डिजाइनर शिखा तिवारी ने की।

कुमार हैंडमेड पेपर इंडस्ट्रीज परिसर में आयोजित बैठक में उद्यमियों को बताया गया कि जीआई टैग किसी उत्पाद की भौगोलिक पहचान, गुणवत्ता और विशिष्टता को कानूनी संरक्षण प्रदान करता है। इससे स्थानीय उत्पाद को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान मिलती है।
कार्यक्रम में बताया गया कि आईआईटी कानपुर के रणजीत सिंह शिक्षा केंद्र के सहयोग से यह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रोजेक्ट एग्जीक्यूटिव रीता सिंह के निर्देशन में हाथ कागज उद्योग की इकाइयों को जीआई टैग के लिए पंजीकरण कराने हेतु मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
उद्यमी दिनेश गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में आधिकारिक वेबसाइट पर हाथ कागज उत्पादन का जीआई टैग प्रदर्शित नहीं हो रहा है, लेकिन पंजीकरण पूर्ण होने के बाद उद्योग को व्यापक पहचान और व्यावसायिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
गोष्ठी में प्रेम कुमार गहोई, उदय प्रताप सिंह, रवींद्रनाथ गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, रितु गुप्ता, रविंद्र गुप्ता, गेंदालाल, पंकज वर्मा सहित बड़ी संख्या में हाथ कागज से जुड़े उद्यमी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में उद्यमियों ने सामूहिक रूप से जीआई पंजीयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post