कालपी(जालौन)। कोतवाली सभागार में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने की, जबकि क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
समाधान दिवस के दौरान कुल दो प्रकरण प्रस्तुत हुए। ग्राम तिहारी निवासी अतर सिंह पुत्र रामाधार ने आरोप लगाया कि विपक्षी उनकी दीवार को क्षतिग्रस्त कर घर को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं शाहजहांपुर निवासी मोतीलाल ने शिकायती पत्र देकर बताया कि वह अपनी भूमि पर निर्माण कार्य के लिए पिलर खुदवा रहे हैं, लेकिन कुछ लोग जबरन रोककर विवाद खड़ा कर रहे हैं। दोनों मामलों में भूमि संबंधी विवाद सामने आए।
उपजिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राजस्व से जुड़े मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एडीशनल इंस्पेक्टर अवनीश कुमार ने बताया कि प्राप्त शिकायतों में एक मामले का मौके पर निस्तारण कर दिया गया, जबकि दूसरे प्रकरण में राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को जांच के लिए भेजा गया है।
इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अवनीश कुमार शुक्ला, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह, चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह चंदेल सहित अन्य पुलिस व राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।
Post a Comment