आपसी सौहार्द ही जनपद की सबसे बड़ी ताकत- राजेश पाण्डेय


-होली व रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न,
उरई(जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गेश कुमार ने आगामी त्यौहार होली एवं रमजान को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से संवाद स्थापित करते हुए प्रशासन ने उनके सुझावों को गंभीरता से सुना और आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में आश्वस्त किया।जिलाधिकारी ने कहा कि होली और रमजान दोनों ही पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता समय से सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि जनपद में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।
पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील स्थलों की पहचान कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, मिश्रित गश्त, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित नागरिकों ने भी प्रशासन के साथ सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि त्योहारों को परंपरागत उत्साह के साथ, परंतु आपसी सम्मान और मर्यादा के साथ मनाया जाएगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा, सम्भ्रांत नागरिक आदि मौजूद रहे।
फोटो परिचय-बैठक लेते डीएम,एसपी

Post a Comment

Previous Post Next Post