नगर पालिका उरई का डीएम ने किया सघन निरीक्षण


 उरई(जालौन)।जनपद में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने  नगर पालिका परिषद उरई का निरीक्षण कर विभिन्न पटलों की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद उरई का निरीक्षण कर नगर क्षेत्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा सभी वार्डों के सभासदों के साथ संवाद किया। सभासदों द्वारा खराब सड़कों, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं रखी गईं। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित के कार्यों में लापरवाही न बरती जाए और प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।

 अंधेरे वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर शीघ्र स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
साथ ही नगर पालिका की आय बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने गृहकर, दुकानाता, लाइसेंस फीस, ई-रिक्शा/ऑटो लाइसेंस शुल्क, विज्ञापन शुल्क, पार्किंग शुल्क तथा स्टांप शुल्क की दरों की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नगर विकास कार्यों को गति मिल सके और संसाधनों में बढ़ोतरी हो।
उन्होंने कहा कि नगर विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। आमजन को बेहतर सड़क, प्रकाश एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील, कर अधीक्षक गणेश प्रसाद, सफाई निरीक्षक संदीप कुमार सिंह, निर्माण लिपिक मैथिली शरण गुप्ता वार्ड सभासद एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post