हरकौती में महिला की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंका


जालौन। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हरकौती में 55 वर्षीय बेवा महिला का शव घर के सामने ही स्थित खेत में नग्नावस्था में पड़ा मिला। महिला के शरीर पर चोटें के निशान थे। महिला के भतीजे ने हत्या की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है। 
    कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हरकौती निवासी कमला देवी ( 55) बेवा मुन्ना लाल खेतों में मटर तोड़ने का काम करती थी। बुधवार की सुबह जब वह मटर तोड़ने के लिए नहीं निकली तो करीब आठ बजे भतीजा आनंद उन्हें घर के अंदर उन्हें देखने के लिए चला गया। 

अंदर जाकर उसने देखा कि घर के आंगन और बिस्तर पर खून पड़ा था। साड़ी भी आंगन में पड़ी थी। लेकिन कमला देवी घर में नहीं थी। घर के अंदर का दृश्य देखकर वह चिल्लाता हुआ बाहर आया और अपने बड़े भाई पवन कुमार को जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और कमला देवी की तलाश शुरू कर दी। आसपास खेतों में तलाश करने पर घर के सामने ही राई के खेत में कमला देवी का शव नग्नावस्था में पड़ा हुआ था। जिसकी सूचना तत्काल ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस को दी।

 सूचना मिलते ही सीओ शैलेंद्र बाजपेई, कोतवाल आनंद सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर बाद एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार, एएसपी प्रदीप वर्मा व फोरेंसिंक टीम भी मौके पर पहुंच गई। शव को देखने पर उसके सिर पर किसी भारी चीज से वार किया गया था। साथ ही आंखों के पास भी चोट के निशान थे। पुलिस ने ग्रामीणों से बात करने का प्रयास किया लेकिन कोई कुछ नहीं बता सका। भतीजे पवन कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मृतका के दो बेटे सुनील व अंकित दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। जबकि तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टामार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीओ शैलेंद्र बाजपेई ने बताया कि हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मामले की हकीकत पता चलेगी। फिलहाल पुलिस हत्यारे की तलाश कर रही है।
फोटो परिचय-घटना स्थल का निरीक्षण करते पुलिस अधीक्षक 

Post a Comment

Previous Post Next Post