उरई से दिल्ली के लिए सीधी रेलगाड़ी की मांग जोरों पर, व्यापार मंडल ने सांसद को सौंपा ज्ञापन


उरई(जालौन)। उरई से दिल्ली के लिए सीधी रेलगाड़ी चलाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने आज जालौन-गरौठा-भोगनीपुर के सांसद मा० नारायन दास अहिरवार जी से मुलाकात की और उनके माध्यम से केंद्रीय रेल मंत्री मा० अश्वनी वैष्णव जी को एक ज्ञापन प्रेषित किया।

  व्यापार मंडल ने अपने ज्ञापन में बताया कि उरई और आसपास के बुन्देलखण्ड क्षेत्र की जनता दशकों से राजधानी दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा की मांग कर रही है। इस महत्वपूर्ण आवश्यकता के बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। मंडल का कहना है कि इस मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन चल रहा है और हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से बुन्देलखण्ड की जनता की भावनाओं को प्रदर्शित किया गया है।
  सांसद नारायन दास अहिरवार को संबोधित ज्ञापन में उनसे आग्रह किया गया है कि वे इस जन-आंदोलन को रेल मंत्री के समक्ष रखकर उरई-दिल्ली के बीच सीधी रेलगाड़ी शुरू कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। ज्ञापन में कहा गया है कि इस मांग के पूरा होने से समस्त बुन्देलखण्ड वासियों का सीधा संपर्क राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से हो जाएगा, जिससे क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास भी तेजी से होगा।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने इस मामले में सांसद जी के सकारात्मक प्रयासों पर भरोसा जताया है और जल्द से जल्द इस मांग को पूरा कराने की उम्मीद जताई है।
फोटो परिचय- सांसद को ज्ञापन देते व्यापारी

Post a Comment

Previous Post Next Post