(स्नेहलता रायपुरिया की रिपोर्ट)
उरई(जालौन) । नगर पालिका परिषद द्वारा पंडित दीनदयाल योजना के अंतर्गत वार्ड नंबर 5 में सड़क डामरीकरण कार्य का टेंडर जारी कर दिया गया है। यह डामरीकरण डीवीसी डिग्री कॉलेज से नारी रोड रेलवे क्रॉसिंग तक कराया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्याओं से राहत मिलेगी। टेंडर प्रक्रिया के बाद आज विधिवत पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पूजन कार्यक्रम में वार्ड नंबर 5 की सभासद अभिलाषा देवी एवं सभासद प्रतिनिधि राहुल श्रीवास्तव ने पूजा-अर्चना कर कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुन्ना व्यास, चीनी ठाकुर सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।सभासद अभिलाषा देवी ने बताया कि यह सड़क वार्ड की प्रमुख सड़कों में शामिल है, जहां बारिश के मौसम में जलभराव व गड्ढों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
डामरीकरण कार्य पूरा होने के बाद न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र की सुंदरता और सुरक्षा में भी सुधार आएगा। वहीं सभासद प्रतिनिधि राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि नगर पालिका परिषद लगातार वार्ड के विकास के लिए प्रयासरत है और आने वाले समय में अन्य सड़कों व बुनियादी सुविधाओं को भी बेहतर किया जाएगा। वार्डवासियों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता जताते हुए नगर पालिका परिषद और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
Post a Comment