उरई(जालौन)। आगामी होली त्योहार को देखते हुये व शासन द्वारा प्राप्त आदेशों के क्रम में जनपद की तहसीलों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने की कार्यवाही कर विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थ खोया, मिश्रित दूध के नमूने संग्रहित किये।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ, उ0प्र0 एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के आदेशानुसार व सहायक आयुक्त (खाद्य) जालौन डॉ0 जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में त्योहार पर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन जनपद की टीम लगातार सक्रिय है। होली त्योहार पर लोगों को सुरक्षित आहार उपलब्ध कराने हेतु खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा जालौन तहसील के ग्राम टिकरी मे स्थित रामदत्त मिश्रा की खोया भट्टी से खाद्य पदार्थ खोया का नमूना संग्रहित किया व श्याम हरि की भट्टी से खाद्य पदार्थ खोया का नमूना संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत दोषी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही फूड सेफ्टी वैन के माध्यम से आमजनमानस को सुरक्षित खाद्य पदार्थ के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया विभागीय टीम द्वारा यह अभियान लगातार जारी है और त्योहारों तक जिले के विभिन्न बाजारों में निरीक्षण चलता रहेगा। इस अवसर पर सहायक आयुक्त (खाद्य) जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार तथा महेश प्रसाद उपस्थित रहें।
Post a Comment