माधौगढ़ विधानसभा सीट, बसपा ने चुनावी रणनीति पर कसी कमर,


-24 फरवरी को हो सकता है प्रत्याशी का ऐलान
उरई(जालौन)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पिछले दो विधानसभा चुनावों में मिली करारी हार से सबक लेते हुए पार्टी ने माधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में एक नई रणनीति के तहत कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और संभावित प्रत्याशी के नाम पर मुहर लगाने की तैयारी शुरू कर दी है।

इसी कड़ी में 24 फरवरी (मंगलवार) को माधवगढ़ में होने वाला कार्यकर्ता सम्मेलन काफी अहम माना जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि इसी सम्मेलन में पार्टी अपने प्रत्याशी की घोषणा कर सकती है।

सम्मेलन से पहले बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रभारी लालाराम अहिरवार ने सोमवार शाम को पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में जिला अध्यक्ष अतर सिंह पाल, माधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र से बसपा के संभावित प्रत्याशी आशीष पांडेय, पूर्व जिला अध्यक्ष धीरेंद्र चौधरी, वरिष्ठ नेता शाकिर हसन वारसी, प्रदीप कुमार दोहरे, प्रधान नाथूराम विद्यार्थी, इंद्रजीत राठौर और प्रधान मानपुरा समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
गौरतलब है कि मंगलवार को होने वाले इस कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर बुंदेलखंड प्रभारी लालाराम अहिरवार स्वयं मौजूद रहेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वह इस मंच से माधवगढ़ विधानसभा सीट के लिए पार्टी के संभावित प्रत्याशी के नाम का भी एलान कर सकते हैं। इस घोषणा को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्सुकता और उत्साह है। माना जा रहा है कि बसपा इस बार पिछली हार से सबक लेते हुए पूरी ताकत और एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।
फोटो परिचय- सम्मेलन स्थल का निरीक्षण करते बुंदेलखंड प्रभारी लालाराम अहिरवार

Post a Comment

Previous Post Next Post