- सीमित संसाधनों में घर पर रहकर की तैयारी, सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने का लक्ष्य
उरई (जालौन)। शहर के उमरारखेड़ा के छात्र विशाल गौतम उर्फ गोलू ने जेईई मेन में 98.27 पर्सेंट हासिल कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। 16 फरवरी 2026 को घोषित परिणाम के बाद परिवार व शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। विशाल, बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय गौतम के पुत्र हैं।
उरई के रामश्री पब्लिक स्कूल से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट करने वाले विशाल ने बड़े शहरों की कोचिंग के बजाय घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से स्वअध्ययन किया। पहले चयन के बाद बेहतर प्रदर्शन के लिए ड्रॉप लेने का निर्णय लिया और इस बार उत्कृष्ट परिणाम हासिल किया। विषयवार एनटीए स्कोर में फिजिक्स 94.52, केमिस्ट्री 98.40 और मैथमैटिक्स 98.53 रहा। विशाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग और निरंतर मेहनत को दिया। उनके पिता संजय गौतम सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े हैं, जबकि माता राजकुमारी गृहिणी हैं। परिवारजनों ने मिष्ठान वितरित कर खुशी मनाई और आशीर्वाद दिया। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य उच्च स्तरीय इंजीनियरिंग शिक्षा प्राप्त कर देश व समाज के लिए योगदान देना है तथा भविष्य में सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहते हैं। उनकी यह उपलब्धि पूरे जनपद के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनी है, जो यह संदेश देती है कि छोटे शहरों से भी बड़े सपने साकार किए जा सकते हैं।
Post a Comment