----दीपावली के पर्व पर घर में मातम
--- सिमरा शेखपुरा घाट का मामला, युवक को खोजने में जुटी गोताखोरों की टीम
उरई(जालौन)। दीपावली के पावन पर्व पर जहां चारों ओर खुशियां और उत्सव का माहौल था, वहीं जालौन के एक घर में मातम छा गया। मौन व्रत के लिए यमुना नदी में स्नान करने गया एक युवक गहरे पानी में डूब गया। यह दर्दनाक हादसा सिरसा कलार थाना क्षेत्र के सिमरा शेखपुर घाट पर सोमवार सुबह लगभग 8 बजे हुआ। देर शाम तक पुलिस, प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
पिछले10 वर्षों से कर रहा था मौन व्रत
ग्राम हिम्मतपुर निवासी अनिरुद्ध सिंह उर्फ जीतू (22) पुत्र सरमन सिंह सोमवार को अपने साथियों के साथ सिमरा शेखपुर घाट पर यमुना स्नान के लिए गए थे। अनिरुद्ध पिछले 10 वर्षों से मौन व्रत रखता आ रहा था, जो श्रीकृष्ण भगवान की साधना से जुड़ा है। इस व्रत में व्रती अमावस्या के दिन नदी में स्नान करते हैं और मोर पंख को स्नान कराते हैं।
मोर पंख को स्नान कराकर खुद उतरे नदी में
इसी परंपरा के तहत अनिरुद्ध ने भी पहले मोर पंख को स्नान कराया और फिर स्वयं नहाने के लिए नदी में उतरे। लेकिन दुर्भाग्यवश, इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथियों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन यमुना के तेज बहाव में वह आंखों से ओझल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
एसडीएम और थानाध्यक्ष मौके पर
सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह और सिरसाकलां थाना अध्यक्ष परमेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिल सकी। एसडीएम ने राज्य आपदा प्रबंधन दल (SDRF) को बुलाने के निर्देश दिए हैं और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। युवक के डूबने से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Post a Comment