(रामकुमार शर्मा)
गोवर्धन(मथुरा)। गोवर्धन तहसील क्षेत्र के ग्राम भरना खुर्द में बुधवार को जिलाधिकारी सीपी सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार पहुंचे। अधिकारियों ने खेतों का निरीक्षण करते हुए किसानों को पराली न जलाने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वातावरण में प्रदूषण बढ़ता है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने किसानों को पराली प्रबंधन के वैकल्पिक उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी दशा में पराली जलाने की घटना दोबारा न हो। पूर्व में इसी क्षेत्र में पराली जलाने के मामले सामने आए थे। जिसे लेकर एसडीएम प्रजाक्ता त्रिपाठी ने क्षेत्रीय लेखपाल पवन कुमार को निलंबित कर दिया था। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ऐसी लापरवाही भविष्य में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने गांव में भ्रमण कर किसानों से संवाद किया और सभी को पराली न जलाने की शपथ दिलाई। तहसीलदार सुशील कुमार गुप्ता और नायब तहसीलदार चंद्रिका प्रसाद भी इस दौरान मौजूद रहे।
Post a Comment