- राम जी की सेना चली, हर हर महादेव की गूंज से गुंजायमान हुई मानसी गंगा
( रामकुमार शर्मा)
गोवर्धन। रामलीला कमेटी द्वारा रामलीला महोत्सव के अंतर्गत सेतुबंध लीला का मंचन मानसी गंगा में धूमधाम से किया गया। घाटों पर झिलमिलाते दीप, आकर्षक सजावट और गगनचुम्बी आतिशबाजी के बीच पूरा माहौल सतयुगी आभा में दिखाई दिया।
मनासी गंगा पर राम जी की सेना चली, हर हर महादेव के स्वर गूंजते रहे। इससे पूर्व बुद्धा वाली कुंज में विभीषण शरणागति लीला का मंचन किया गया। तदुपरांत मानसी गंगा के बंगाली घाट पर भगवान श्रीराम ने रामेश्वरम की स्थापना कर नावों का पुल बांधा। राम, लक्ष्मण व वानर सेना पुल से समुद्र पार कर लंका पहुंचे। निर्माणी अखाड़ा के महंत अशोक नारायण दास ने आरती उतार पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
मानसी गंगा में सेतुबंध लीला में चौपाइयों के गायन ने समूचे माहौल को भक्तिमय कर दिया। जमुना मोहन मंदिर में बनाई गई लंका को भव्य तरीके से सजाया गया। लंका पहुंचते ही केशव मुखिया ने आरती उतारकर प्रसाद वितरण किया। घाटों के किनारे आतिशबाजी की गई। सेतु गिरि की पौड़ी घाट, चिड़िया घाट, महल घाट, सूरज घाट होते हुए जमुना मोहन घाट पर पहुंचा। लंका पहुंचे राम, लक्ष्मण और वानर सेना का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष बिजेंद्र सैनी, संजीव कौशल, नृत्य गोपाल शर्मा, रामधन शर्मा, दिलीप कौशिक, हेमंत शर्मा आदि थे।
फोटो- गोवर्धन मनासी गंगा में सेतु बंध लीला का मंचन करते स्थानीय कलाकार, राम-लक्ष्मण के स्वरूप
Post a Comment