आकाशीय बिजली गिरने से बुजुर्ग चरवाहे और बकरी की मौके पर ही मौत

 

उरई(जालौन)। आज सुबह अचानक तेज हवाओं व गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई और इसी दौरान चुर्खी गांव के जंगल में आकाशीय बिजली गिरने से 60 वर्षीय बुजुर्ग चरवाहे और उसकी एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य बकरियां भी घायल हो गईं।




बताया जाता है कि ग्राम चुर्खी निवासी श्याम बाबू पुत्र छेदीलाल शुक्रवार सुबह अपनी बकरियों को लेकर गांव के पास स्थित जंगल की ओर गए थे। उसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया और बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए श्याम बाबू जंगल में खड़े एक महुआ के पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए। इसी समय आकाशीय बिजली पेड़ पर गिरी। जिसकी चपेट में आकर श्याम बाबू और उनके साथ खड़ी एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। चुर्खी थाना प्रभारी शिव शंकर सिंह ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी गई है। राजस्व अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार को शासन द्वारा मिलने वाली प्राकृतिक आपदा राहत राशि के तहत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

फोटो परिचय- आकाशीय बिजली की चपेट में आये चरवाहा व बकरी

Post a Comment

Previous Post Next Post