भोपाल: ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल पर हमला, धार्मिक टिप्पणी ने बढ़ाया तनाव


( स्नेहलता रायपुरिया )
भोपाल,(मध्य प्रदेश): हबीबगंज रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है, जिसमें तैनात कांस्टेबल दौलत खान के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की। जानकारी के अनुसार, दौलत खान ने स्टेशन परिसर में कार के अंदर शराब पी रहे कुछ युवकों को नियमों का हवाला देते हुए वहां से हटने के लिए कहा। इस पर युवकों ने पहले उनसे बहस शुरू कर दी।
बहस के दौरान, जब युवकों ने दौलत खान के नाम वाला बैज देखा, तो माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि युवकों ने उनके मुस्लिम नाम पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान दौलत खान के कपड़े भी फाड़ दिए गए।स्थिति बिगड़ती देख अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दौलत खान को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान, एक युवक ने कथित तौर पर उपस्थित एक पुलिसकर्मी से कहा, "तुम हिंदू भाई हो, हट जाओ।"
घटना के बाद हबीबगंज पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी!

Post a Comment

Previous Post Next Post