अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के सम्मान का संदेश दिया जिलाधिकारी ने


 
उरई(जालौन)। जनपद में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्वयं सहायता समूह, आशा बहुओं और आंगनबाड़ी कार्यकत्री महिलाओं को शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान को सराहते हुए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक दिन मनाने की औपचारिकता नहीं होनी चाहिए, बल्कि हमें हर दिन इसे सार्थक बनाना होगा। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे परिवार, समाज और अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन इसके साथ-साथ उन्हें अपने स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और उत्तर प्रदेश सरकार भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बना रही है। उन्होंने इस बात पर गर्व जताया कि महिलाएं अब थल सेना, जल सेना और वायु सेना सहित हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि प्रशासन महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे आत्मनिर्भर बनें, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और समाज में अपनी पहचान मजबूत करें।
इस अवसर पर डीसीएनआएएलएम महेंद्र चौबे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चन्द्रप्रकाश, प्रोबेशन अधिकारी अमरेन्द्र पौत्स्यायन आदि सहित सम्बंधित अधिकारी व महिलायें मौजूद रहीं।
फोटो परिचय- महिलाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करते जिलाधिकारी राजेश पाण्डेय

Post a Comment

Previous Post Next Post