कालपी(जालौन)। मंगलवार को हजारों श्रद्धालुओं ने मकर संक्रांति के पर्व पर कालपी के यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा अर्चना की साथ ही दान-पुण्य भी किया। जगह-जगह विभिन्न संगठनों के द्वारा खिचड़ी भोज के कार्यक्रम आयोजित किये गये।
भोर होते ही यमुना नदी कालपी के किलाघाट, पीला घाट तथा ढोडेश्वर घाट में स्नान करने के लिए महिलाएं, बच्चों तथा श्रद्धालुओं की उमड़ उमड़ा पड़ी। श्रद्धालुओं ने मकर संक्रांति के पर्व पर यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाई तथा आरती उतारकर पूजा अर्चना की। यमुना मैया की जयकारों के नारे दिनभर गूंजते रहे। डुबकी लगाने के उपरांत श्रद्धालुओं ने घाटों में दान-पुण्य भी किया। भक्तों ने राधा माधव मंदिर, ढोडेश्वर मन्दिर, कालिया स्थान, काली देवी मंदिर आदि धर्मस्थलों में पहुँचकर पूजा अर्चना की।
खिचड़ी भोज में श्रद्धालुओं ने चखा प्रसाद
मकर संक्रांति पर्व को मद्देनजर रखकर कालपी के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों में खिचड़ी भोज के आयोजित कार्यक्रमों में भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष अरविंद यादव, यतेंद्र सिंह रजावत, पुष्पेंद्र सिंह सेंगर, बउआ रजावत, मनीष आदि ने खिचड़ी वितरण की। स्थानीय प्रशासन के द्वारा त्योहार को मद्देनजर रखकर धर्मस्थलों तथा यमुना नदी के घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है। किसी अनहोनी से बचाव के लिए यमुना नदी के घाटों पर नाव तथा गोताखोरों को तैनात किया गया था।
Post a Comment