बदनपुरा में भगवान बुद्ध की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वाला आरोपी गिरफ्तार,


माधौगढ़ (जालौन)। तहसील क्षेत्र के ग्राम बदनपुरा में स्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि समाज में अशांति फैलाने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

जानकारी के अनुसार भगवान बुद्ध की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त हो गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य एवं थाना प्रभारी गोहन सतीश कुमार कुशवाहा तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच का भरोसा दिलाया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच के दौरान आरोपी मोहित तिवारी पुत्र श्रीराम तिवारी, उम्र लगभग 24 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य ने बताया कि समाज में वैमनस्य और अराजकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद गांव में सतर्कता बढ़ा दी गई है तथा प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देने का अनुरोध किया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए भगवान बुद्ध की क्षतिग्रस्त प्रतिमा की शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्स्थापना की मांग की है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी निष्पक्षता के साथ की जाएगी तथा दोषी के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। भगवान बुद्ध शांति, करुणा, समानता और मानवता के प्रतीक माने जाते हैं। ऐसे में प्रतिमा को क्षति पहुंचाने की घटना से क्षेत्रवासियों में दुख और नाराजगी थी, लेकिन आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया है।
फोटो परिचय- ग्रामीणों को समझाते एसडीएम व सीओ 

Post a Comment

Previous Post Next Post