कालपी(जालौन)। नगर व क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को अधिक सुचारु एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मरों की लोड बैलेंसिंग का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अवर अभियंता के नेतृत्व में विभागीय टीम विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित ट्रांसफार्मरों का निरीक्षण कर विद्युत भार का संतुलन बनाने में जुटी हुई है।
विद्युत विभाग के अनुसार नगर में स्थापित कई ट्रांसफार्मरों पर आवश्यकता से अधिक लोड होने के कारण बार-बार फाल्ट एवं ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्याएं सामने आती रही हैं। इन्हीं समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए विभाग ने लोड बैलेंसिंग अभियान शुरू किया है, जिससे ट्रांसफार्मरों पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव को कम किया जा सके। नगर में वर्तमान समय में विभिन्न क्षमता के कुल 96 ट्रांसफार्मरों पर यह कार्य किया जाना है। इनमें 400 केवीए क्षमता का एक, 630 केवीए क्षमता का एक, 250 केवीए क्षमता के 10, 100 केवीए क्षमता के 37 तथा 63 केवीए क्षमता के 22 ट्रांसफार्मर शामिल हैं। विभागीय कर्मचारी प्रत्येक ट्रांसफार्मर का तकनीकी परीक्षण कर आवश्यकतानुसार विद्युत भार का पुनर्वितरण कर रहे हैं।
उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र सिंह सचान के निर्देशन में चल रहे इस अभियान में अवर अभियंता सत्य प्रकाश गौतम के साथ टीजीटू अभिषेक धीर, विनोद कुमार, दिलीप कुमार, रिंकू पोरवाल, फहमीद एवं अजय निगम सहित अन्य कर्मचारी सक्रिय रूप से लगे हुए हैं।
अवर अभियंता सत्य प्रकाश गौतम ने बताया कि विभागीय टीम प्रतिदिन करीब पांच ट्रांसफार्मरों की लोड बैलेंसिंग का कार्य कर रही है। अभियान पूरा होने के बाद ट्रांसफार्मरों में फाल्ट की घटनाओं में कमी आएगी तथा उपभोक्ताओं को अधिक बेहतर विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।
फोटो- ट्रांसफार्मरों की लोड बैलेंसिंग कार्य में जुटे विद्युत विभाग के कर्मचारी।
Post a Comment