-छोटे वाहन चलते रहेंगे, जाम रोकने को बनाई गई विशेष ट्रैफिक व्यवस्था
कालपी(जालौन)। कानपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ऐतिहासिक पुराने यमुना पुल में तकनीकी खामी पाए जाने के बाद प्रशासन और एनएचएआई ने एहतियाती कदम उठाते हुए भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। पुल की बियरिंग में आई खराबी को देखते हुए ट्रक, बस समेत सभी भारी वाहनों का आवागमन पुराने पुल से पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन भी लागू कर दिया गया है।
पुल की मरम्मत को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। वहीं आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छोटे वाहनों की आवाजाही पूर्व की भांति जारी रखी गई है। प्रशासन द्वारा भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था लागू कर दी गई है, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। मालूम हो कि दुर्गा मंदिर के सामने डिवाइडर काटकर भारी वाहनों को नए यमुना पुल की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। एनएचएआई अधिकारियों का कहना है कि पुल पर लगातार बढ़ते दबाव और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से संरचना पर असर पड़ रहा था। ऐसे में किसी संभावित दुर्घटना से बचाव के लिए यह निर्णय लिया गया है।उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने एनएचएआई की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर लागू किए गए रूट डायवर्जन और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डायवर्जन के दौरान किसी भी स्थिति में जाम न लगने पाए तथा आम लोगों को असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि पुराने यमुना पुल में तकनीकी खामी आने के कारण मरम्मत कार्य कराया जाना आवश्यक हो गया है। इसी वजह से भारी वाहनों की आवाजाही बंद की गई है, जबकि छोटे वाहन पहले की तरह पुल से गुजरते रहेंगे।
एसडीएम ने बताया कि जाम की समस्या से निपटने के लिए एनएचएआई की टीम को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। साथ ही खदानों से लोड होकर कानपुर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। ऐसे वाहन अब यमुना पुल के पास से सीधे नहीं मुड़ेंगे, बल्कि अमलतास तिराहे से यू-टर्न लेकर कानपुर की ओर भेजे जाएंगे, जिससे नगर और पुल के आसपास यातायात का दबाव कम रहेगा। इस मौके पर प्रोजेक्ट हैड उत्तम सिंह, आईएमटी इंगलेश शर्मा, सेफ्टी इंचार्ज इरफान, लेखपाल श्याम जी चन्देल तथा एनएचएआई की टीम मौके पर मौजूद रहीं।
फोटो परिचय- विशेष ट्रैफिक प्लान का निरीक्षण करते एसडीएम
Post a Comment