ओलावृष्टि से प्रभावित गांवों में प्रशासन सक्रिय, एडीएम न्यायिक ने किया स्थलीय निरीक्षण




----फसल क्षति का होगा पारदर्शी आकलन, पीड़ित किसानों को दिलाई जाएगी त्वरित राहत
उरई(जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद्र सिंह ने तहसीलदार के साथ ग्राम मदारीपुर, कुतलूपुर, शहजादेपुर एवं मुहम्मदपुर में पहुंचकर ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों में जाकर नुकसान का जायजा लिया तथा किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। 

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक प्रभावित किसान की क्षति का सही एवं पारदर्शी सर्वे कराया जा रहा है, ताकि पात्र किसानों को समयबद्ध रूप से राहत उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने संबंधित राजस्व एवं कृषि विभाग की टीमों को निर्देशित किया कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और वास्तविक स्थिति के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन किसानों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें तथा किसानों को योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। इस दौरान राजस्व विभाग की टीम द्वारा मौके पर ही फसल क्षति का आंकलन किया गया और किसानों को आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post