मकान सूचीकरण से डिजिटल सर्वे तक, कालपी में कर्मचारियों को मिला विशेष प्रशिक्षण


कालपी(जालौन)। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत कालपी में सोमवार से प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। स्थानीय एमएसवी इंटर कॉलेज में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में करीब 300 कर्मचारियों को मकान सूचीकरण एवं गणना की प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

  प्रशिक्षण कार्यक्रम उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में संचालित हो रहा है। विद्यालय के छह कक्षों में अलग-अलग समूह बनाकर प्रशिक्षार्थियों को चरणबद्ध तरीके से जनगणना की बारीकियां समझाई जा रही हैं। इस दौरान डिजिटल माध्यम से डेटा संकलन की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया, जिससे पूरी जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके। एसडीएम ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 5 एवं 11 के तहत उनकी जिम्मेदारियों और अधिकारों से भी अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मियों को प्रशिक्षित कर क्षेत्र में सटीक और समयबद्ध जनगणना सुनिश्चित की जाएगी। इसी बीच प्रदेश के उपनिदेशक (जनगणना) मनोज कुमार मौर्य ने प्रशिक्षण स्थल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर संतोष जताया।
कार्यक्रम में नगर पालिका के नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, चंद्र मोहन शुक्ला, अधिशाषी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो परिचय-जनगणना प्रशिक्षण सत्र में शामिल कर्मचारी एवं निरीक्षण करते अधिकारी

Post a Comment

Previous Post Next Post