राठौरनपुरा में चोरी की वारदात, जेवरात व नकदी पर हाथ साफ

राकेश कुमार
रामपुरा (जालौन)। थाना क्षेत्र रामपुरा के अंतर्गत ग्राम राठौरनपुरा में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

  जानकारी के अनुसार, प्रार्थी महाराज सिंह पुत्र बायलाल निवासी ग्राम राठौरनपुरा ने थाना रामपुरा में तहरीर देकर बताया कि दिनांक 16 अप्रैल 2026 की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। सुबह करीब 6 बजे उनकी पुत्रवधू सोनम देवी जब अपने कमरे में गईं तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में रखी अलमारी और बॉक्स के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान में सोने का हार, मंगलसूत्र, अंगूठी, ब्रजबाला सहित चांदी की कंधोनी, राखी, तोड़िया, चांदी के सिक्के और नाक की बेसर शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखे करीब 50,000 रुपये नकद भी गायब मिले। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में दहशत का माहौल बन गया। पीड़ित महाराज सिंह ने थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post