गौशाला का वीडियो वायरल होते ही प्रशासन हरकत में, एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण


कालपी (जालौन)। नगर के मोहल्ला आलमपुर स्थित अस्थायी गौशाला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। शुक्रवार को उपजिलाधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर गौशाला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

   शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद के सदस्य मोहन ने गौशाला में कुछ बीमार गौवंशों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। मामला संज्ञान में आते ही नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद यादव के साथ उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार अवस्थी एवं नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद यादव तत्काल मौके पर पहुंचकर गौवंशों के रखरखाव, चारा-पानी एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हरे चारे और भूसे के स्टॉक की भी जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गर्मी को देखते हुए टीनशेड के आसपास बोरे लगाकर नियमित पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए, ताकि गौवंशों को लू और गर्म हवाओं से बचाया जा सके। इसके बाद गौशाला में मौजूद गौवंशों की गणना कराई गई, जिसमें कुल 217 गौवंश पाए गए।
एसडीएम ने बताया कि निरीक्षण में कुछ गायें बीमार अवस्था में मिलीं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। वहीं, गौशाला के केयरटेकर की लापरवाही भी सामने आई है, जिसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि एक बीमार गाय मंदिर के पास पड़ी मिली थी, जिसे गौशाला पहुंचाकर उसका उपचार शुरू कराया गया है। साथ ही नगरवासियों से अपील की कि गौसेवा पुण्य का कार्य है, इसलिए निराश्रित गौवंशों को यूं ही न छोड़ें, बल्कि उनकी देखभाल में सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान पशु चिकित्साधिकारी डॉ. देवेंद्र सचान, राजस्व निरीक्षक अजीत सिंह, विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष बब्बन ठाकुर सहित हर्ष विश्नोई, राम प्रताप सिंह सेंगर, लल्ला सेंगर और धर्मेंद्र पाल आदि मौजूद रहे।
फोटो परिचय- गौशाला का निरीक्षण करते एसडीएम व अन्य

Post a Comment

Previous Post Next Post