- उल्लंघन पर 4 वाहन निरुद्ध, परिवहन विभाग सख्त
(हिमांशु खरकिया)
उरई,(जालौन) । छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जनपद में स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के तहत 01 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
मंगलवार को प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार के नेतृत्व में प्रथम दल जालौन द्वारा 4 स्कूली वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इन वाहनों पर परमिट शर्तों के उल्लंघन एवं अन्य अनियमितताओं के चलते चालान करते हुए उन्हें थाना कुठौन्द में निरुद्ध किया गया। संबंधित वाहन छात्र-छात्राओं को लाने-ले जाने में प्रयुक्त हो रहे थे।
परिवहन विभाग ने जनपद के सभी विद्यालय संचालकों एवं प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे अपने विद्यालय और वाहनों का डेटा निर्धारित पोर्टल पर शीघ्र अपलोड कराएं तथा वाहनों के समस्त अभिलेखों की भली-भांति जांच सुनिश्चित करें, जिससे निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अभियान के तहत फिटनेस प्रमाणपत्र, वैध परमिट, चालक का लाइसेंस, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाणपत्र की जांच की जा रही है। साथ ही वाहनों में सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता व क्रियाशीलता भी परखी जा रही है। ओवरलोडिंग पर विशेष निगरानी रखते हुए क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले वाहनों के खिलाफ चालान और सीज की कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। यह अभियान 15 अप्रैल तक निरंतर जारी रहेगा।
Post a Comment