इंदिरा स्टेडियम का तरणताल तैयार, मई प्रथम सप्ताह में होगा शुरू


उरई(जालौन)। इंदिरा स्टेडियम का नवनिर्मित तरणताल अब पूरी तरह तैयार हो चुका है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। मई के प्रथम सप्ताह से इसे खिलाड़ियों एवं आमजन के लिए खोल दिया जाएगा।
 जल शक्ति मंत्री की निधि से संचालित इस परियोजना के तहत तरणताल परिसर में पाथवे निर्माण, शौचालय उन्नयन, बाउंड्रीवाल सुदृढ़ीकरण, शेड निर्माण, टाइल्स नवीनीकरण एवं रंगाई-पुताई के कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। पूरा परिसर अब आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप में नजर आ रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि फिलहाल तरणताल की तकनीकी टेस्टिंग एवं अंतिम तैयारियां चल रही हैं। सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने के बाद मई प्रथम सप्ताह में इसे शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सुविधा जनपद के युवाओं को खेलों के लिए प्रोत्साहित करेगी तथा स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने में अहम भूमिका निभाएगी। प्रशासन खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, डीसी मनरेगा रामेंद्र सिंह, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो परिचय- तरणताल का निरीक्षण करते जिलाधिकारी

Post a Comment

Previous Post Next Post