अधिकारियों के नेतृत्व में सभी आठ दुकानों पर ताला मारा नगर पालिका कर्मचारियों ने


-डेढ़ सौ  साल पुरानी जीर्ण-शीर्ण इमारत में दुकानें सील, एक परिवार को निकलने के निर्देश
( विवेक मिश्रा)
जालौन। नगर के प्राचीन बाजार बैठगंज में करीब 150 साल पुरानी एक जीर्ण-शीर्ण इमारत में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रशासन ने मंगलवार को रोक लगा दी। पुलिस और प्रशासनिक टीम ने आठ दुकानों को ताला जड़कर सील कर दिया, वहीं इमारत के एक हिस्से में रहने वाले परिवार को एक सप्ताह के भीतर परिसर खाली करने का आदेश दिया गया है।

बैठगंज बाजार में मराठा काल के दौरान झंडा चौराहे के चारों ओर विशाल फाटक बनवाए गए थे। इन्हीं में से उत्तरी दिशा की ओर स्थित फाटक का स्वामित्व नगर निवासी डॉ. सुरेश साहनी के पास है। लगभग डेढ़ शताब्दी पहले बने इस फाटक के रास्ते के दोनों ओर आठ दुकानें बनी हुई थीं, जिनमें व्यवसायिक गतिविधियाँ संचालित हो रही थीं।
  गौरतलब है कि वर्ष 2019 में इस इमारत को जीर्ण-शीर्ण घोषित कर दिया गया था। तत्कालीन एसडीएम को माननीय सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार यहाँ की व्यावसायिक गतिविधियाँ बंद कराने के आदेश दिए गए थे। इसी क्रम में मंगलवार की शाम एसडीएम हेमंत पटेल, एसडीएम न्यायिक विशंभर दयाल, सीओ शैलेंद्र बाजपेई, ईओ सुशील कुमार और चौकी प्रभारी मनीष तिवारी बल के साथ बाजार बैठगंज पहुँचे। यहाँ नगर पालिका कर्मियों की मदद से फाटक पर स्थित सभी आठ दुकानों को बंद कराकर सील कर दिया गया।
   उप जिलाधिकारी हेमंत पटेल ने बताया कि इमारत अत्यधिक जीर्ण-शीर्ण हो चुकी है, जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है। माननीय सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि इसी परिसर में एक परिवार निवास भी करता है, जिसे एक सप्ताह के भीतर इमारत खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। परिवार के खाली करते ही उस हिस्से को भी सील कर दिया जाएगा। अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद जालौन सुशील कुमार दोहरे ने बताया कि जर्जर दुकानों में व्यवसायिक  गतिविधियां संचालित करने वाले लोगों को कई बार नोटिस दिया जा चुका है लेकिन उनके द्वारा चेतावनी को  नजरअंदाज किया जा रहा था। लेकिन किसी भी तरह की संभावित अप्रिय घटना ना हो इसके लिए आज इन सभी दुकानों को सील कर दिया गया।
फोटो परिचय- दुकानों को सील करवाते अधिशाषी अधिकारी सुशील कुमार दोहरे

Post a Comment

Previous Post Next Post