उरई(जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने निर्माणाधीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अधीनस्थ कार्यालय भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने 391.77 लाख रुपये की इस परियोजना को 30 जून 2026 तक पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था सी एंड डीएस, उत्तर प्रदेश जल निगम, झांसी को समयसीमा एवं मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने फिनिशिंग कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी।
निरीक्षण में पाई गई प्रमुख तकनीकी खामियों पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। मुख्य गेट के ऊपर बना छज्जा स्वीकृत ड्राइंग के अनुरूप न होने पर उसे तोड़कर पुनः निर्माण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा भवन के बाईं ओर प्रस्तावित गैरेज को अनुपयुक्त बताते हुए उसे अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने का आदेश दिया।जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाएगी, इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीरेंद्र सिंह, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो परिचय- निर्माणाधीन सीएमओ कार्यालय भवन का निरीक्षण करते डीएम
Post a Comment