- महिलाओं की 33% भागीदारी से मजबूत होगा लोकतंत्र, विकसित भारत का मार्ग होगा प्रशस्त
अनिल शर्मा
उरई,(जालौन)। नारी सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “नारी शक्ति वंदन अभियान” के अंतर्गत गुरुवार को प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं अभियान के जिला प्रभारी अशोक कुमार राठौर के जेल रोड स्थित आवास पर संपन्न हुआ।
प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने विधानमंडल एवं संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रस्ताव का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया। कहा गया कि इससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी और देश के समग्र विकास को गति मिलेगी। मुख्य वक्ता वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रेनू चन्द्रा ने कहा कि नारी केवल परिवार की धुरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान के बिना विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता। संविधान में प्रदत्त समानता के अधिकारों को अब वास्तविक रूप देने का समय आ गया है। वक्ताओं ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, खेल, राजनीति, प्रशासन और व्यवसाय जैसे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। ऐसे में उन्हें निर्णय लेने वाली संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलना आवश्यक है। इस अवसर पर वरिष्ठ कवियत्री एवं लेखिका माया सिंह सहित अन्य महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और उपस्थित महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सरकारी योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी दी गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर जिला मीडिया प्रभारी मनोज कुमार यादव समेत बड़ी संख्या में महिलाएं एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में महिलाओं ने “नारी शक्ति वंदन अभियान” को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
Post a Comment