कैफ रजा
कालपी(जालौन)। नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर फैले अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। राजस्व विभाग, नगर पालिका, पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की संयुक्त टीम ने जेसीबी और बुलडोजर की मदद से अवैध कब्जों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया।
अभियान की अगुवाई नायब तहसीलदार चंद्र मोहन शुक्ला ने की। इस दौरान नगर पालिका के राजस्व निरीक्षक अजीत कुमार सिंह, क्षेत्रीय कानूनगो हरेंद्र सिंह सेंगर, लेखपाल जितेंद्र सिंह तथा पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। एनएचएआई के प्रबंधक इंग्लेश शर्मा की देखरेख में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
संयुक्त टीम ने गल्ला मंडी गेट से लेकर हाईवे बायपास सर्विस लेन तक सड़क किनारे बने अवैध निर्माणों और अस्थायी अतिक्रमणों को चिन्हित कर ध्वस्त किया। जेसीबी मशीनों के जरिए कई स्थानों पर दुकानों और मकानों के सामने किए गए कब्जों को हटाया गया, जिससे मार्ग सुगम बनाया जा सके।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने कार्रवाई से पहले ही अपने कब्जे स्वयं हटाने शुरू कर दिए। दिनभर चले अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में हलचल बनी रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
फोटो-हाईवे किनारे जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाती संयुक्त टीम
Post a Comment