कालपी(जालौन)। तहसील क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम नूरपुर में बिना अनुमति चल रहे मिट्टी खनन पर छापेमारी कर जेसीबी मशीन जब्त कर ली गई, वहीं रात में चलाए गए अभियान के दौरान ओवरलोड बालू से भरे चार ट्रकों को पकड़कर सीज किया गया।
जिला प्रशासन के निर्देश पर नायब तहसीलदार मुकेश कुमार के नेतृत्व में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार 12/13 की रात हाईवे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें बिना रॉयल्टी प्रपत्र (एमएम-11) के ओवरलोड बालू ढो रहे चार ट्रकों को पकड़ा गया। सभी वाहनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है। इसी क्रम में ग्राम नूरपुर में अवैध रूप से जेसीबी मशीन से मिट्टी खनन किए जाने की सूचना पर टीम ने तत्काल छापेमारी की। मौके पर पहुंचते ही खनन में लगे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मौके से फरार हो गए। संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीन को कब्जे में लेकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
Post a Comment