बिना मान्यता चल रहे तीन निजी स्कूलों पर ताला, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई


-संयुक्त टीम के छापे से अवैध स्कूल संचालकों में मचा हड़कंप
 कैफ रजा 
कालपी(जालौन)। जनपद में बिना मान्यता संचालित निजी विद्यालयों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। 

खंड शिक्षा अधिकारी रंगनाथ चौधरी के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने महेवा ब्लॉक क्षेत्र में अभियान चलाकर तीन अवैध स्कूलों को सीज कर दिया।प्रशासन, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के कई विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान महेवा और आटा क्षेत्र में संचालित जेके चंदेल पब्लिक स्कूल, विजडन एकेडमी पब्लिक स्कूल तथा इंडियन पब्लिक स्कूल के संचालक आवश्यक मान्यता संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
दस्तावेजों के अभाव में टीम ने तीनों विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से सीज करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से स्कूल चला रहे संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। जिला प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई स्थानों पर बिना मान्यता के विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इसी के चलते विशेष अभियान चलाकर ऐसे संस्थानों की जांच की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, चंद्र मोहन शुक्ला तथा स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फोटो परिचय- अवैध रूप से संचालित विद्यालयों को सीज करती संयुक्त टीम

Post a Comment

Previous Post Next Post