राकेश कुमार
रामपुरा(जालौन) । इलाज के लिए दिल्ली जा रही एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से रास्ते में ही मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, मृतका संतोषी पत्नी चंद्रशेखर निवासी ग्राम किरवाह रामपुरा, अपने पिता रामसिंह निवासी पचोखरा के साथ इलाज कराने के लिए दिल्ली जा रही थी। उनके साथ संतोषी की पुत्री भी मौजूद थी।
बताया गया कि जब वे रामपुरा उमरी स्टैंड के तिराहे पर जबर सिंह की दुकान के पास तख्त पर बैठकर कुछ देर आराम कर रहे थे, तभी अचानक संतोषी की तबीयत बिगड़ गई और देखते ही देखते उसने दम तोड़ दिया। मृतका के पिता रामसिंह ने बताया कि संतोषी का पति कई वर्षों पहले बाहर चला गया था और तब से कोई संपर्क नहीं था। वह पिछले 3-4 वर्षों से सांस की बीमारी से पीड़ित थी, जिसका इलाज चल रहा था। हालत बिगड़ने पर उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Post a Comment