रॉन्ग साइड से आई बोलेरो ने मारी टक्कर, कार सवार दो युवक गंभीर घायल

कैफ रजा 
कालपी(जालौन)। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बड़ा हादसा करा दिया। रॉन्ग साइड से आ रही बोलेरो ने सामने से आ रही कार में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी और जाम जैसी स्थिति बन गई।

  प्राप्त जानकारी के अनुसार उन्नाव निवासी विशाल तिवारी और अभय मिश्रा कार से झांसी से कानपुर की ओर जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब उनकी कार गल्ला मंडी के पास पहुंची, तभी विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही बोलेरो अनियंत्रित होकर सीधे कार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई के लिए रेफर कर दिया गया।
हादसे के चलते कुछ समय तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post