सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा, लापरवाही बर्दाश्त नहीं - जिलाधिकारी

हिमांशु खरकिया
उरई (जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने सभी योजनाओं को प्राथमिकता पर पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 बैठक में डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न सूचकांकों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन विभागों की रैंकिंग कम है, वे तत्काल कार्यप्रणाली सुधारें। विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, राजस्व और कृषि विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग को सभी केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, शिक्षा विभाग को विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व छात्र उपस्थिति बढ़ाने के लिए अभियान चलाने, स्वच्छता अभियान को और बेहतर बनाने, राजस्व विभाग को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण और कृषि विभाग को किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने डेटा की शुद्धता और पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि डैशबोर्ड पर दर्ज आंकड़े ही शासन के समक्ष जिले की वास्तविक तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। सभी अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करें और टीम भावना से कार्य करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीरेंद्र सिंह, डीडीओ निशान्त पांडे, उप कृषि निदेशक एस.के. उत्तम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो परिचय- सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा करते जिलाधिकारी

Post a Comment

Previous Post Next Post