खलिहान में लगी आग की चिंगारी ने दो घरों को किया खाक

राकेश प्रजापति
जालौन। ग्राम कुंवरपुरा में मंगलवार की दोपहर करीब तीन बजे खलिहान में लगी आग की चिंगारी उड़कर रिहायशी मकानों तक पहुंच गई और देखते ही देखते दो घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आगजनी में दो भाइयों के घर का सामान जलकर राख हो गया। सूचना के लगभग एक घ्ंाटे बाद दमकल मौके पर पहुंची। तब तक ग्रामीण सबमर्सिबल पंप और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करते रहे। 
ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार की दोपहर गांव के बाहर स्थित खलिहान में अज्ञात कारणों से आग लग गई थी। तेज हवा के चलते आग की चिंगारियां उड़कर पास में बने जसवंत सिंह पटेल और उनके सगे भाई लालजी पटेल छप्पर और मकानों तक पहुंच गईं, जिससे कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते दोनों भाइयों के मकानों में आग फैल गई और घर में रखा सामान धू-धू कर जलने लगा। ग्रामीणों ने दमकल को सूचना दी और गांव में लगे सबमर्सिबल पंप और बल्टियों से पानी भरकर आग में डालना शुरू कर दिया। लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना देने के बाद भी दमकल की गाड़ी करीब एक से डेढ़ घंटे की देरी से मौके पर पहुंची, तब तक घरों रखे कपड़े, बिस्तर, अनाज, घर गृहस्थी का सामान, नगदी, पंखा, कूलर साइकिल आदि घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था। आग की चपेट में आकर भैंस का बच्चा भी झुलस गया और उसकी मौत हो गई। पशुओं के लिए रख छह ट्रॉली भूसा भी जलकर राख हो गया। ग्रामीणों की मानें तो मलबे में तीन से चालीस हजार के जले हुए नोट भी थे। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने खाने-पीने तक का संकट खड़ा हो गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post