स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ: डीएम ने नेत्रहीन पिता के पुत्र का कराया नामांकन

(हिमांशु खरकया)
उरई (जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बुधवार को बघोरा स्थित उच्च प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह एवं अपर जिलाधिकारी संजय कुमार के साथ ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को पुस्तकें एवं स्कूल बैग वितरित किए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी 1489 परिषदीय विद्यालयों में यह अभियान प्रारंभ हो गया है, जिसमें लगभग 14 हजार बच्चों के नामांकन का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के पहले दिन बघोरा विद्यालय में 40 बच्चों का नामांकन किया गया। उन्होंने कहा कि 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। यह अभियान 15 अप्रैल तक चलेगा और 30 अप्रैल को समीक्षा की जाएगी।
इस दौरान एक मार्मिक प्रसंग भी सामने आया। रामनगर उरई निवासी नेत्रहीन पिता राम सिंह अपने 11 वर्षीय पुत्र ऋतिक के साथ जनसुनवाई में पहुंचे। बातचीत में जब डीएम को पता चला कि ऋतिक स्कूल नहीं जाता, तो उन्होंने तुरंत पहल की। बालक को अपने साथ बघोरा विद्यालय ले जाकर माला पहनाकर उसका नामांकन कराया और उसे शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद उरई राम अचल कुरील  सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post